लखीमपुर:
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में लव ट्राएंगल का एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है. यहां के नखासा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में युवक ने दूल्हे पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद दूल्हा बुरी तरह से घायल हो गया, जिसके बाद उसे लहूलुहान हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. उधर दूसरी ओर दूल्हे के एक दोस्त ने आरोपी को पकड़ लिया. वहां कई लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने हमलावर की जमकर पिटाई कर दी. वारदात की सूचना पाने के बाद मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे पर जानलेवा हमला करने वाले शख्स पर महज मारपीट का मामला दर्ज किया है. परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा ज़िंदगी और मौत से जूझ रहा है और पुलिस ने सिर्फ मारपीट का मामला दर्ज किया है.

शादी समारोह में जयमाला से ठीक पहले दूल्हे पर हमला करने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि दुल्हन का प्रेमी बताया जा रहा है. युवक अपनी प्रेमिका की शादी से काफी नाराज था, इसलिए उसने दूल्हे पर हमला कर दिया. पूरी वारदात का मामला वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. कैमरे में कैद हुई वारदात की वीडियो अब वायरल भी हो रही है.
No comments:
Post a Comment